हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में साईं हॉस्पिटल के सामने स्थित GRD मेडिकल स्टोर पर नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए ₹10,000 का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम की टीम को निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर पर एक्सपायर्ड जूस की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण और उससे संबंधित नियमों के पालन में अनियमितताएं भी पाई गईं। इसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक चतर सिंह के साथ सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, अंकुर, दीपक कुमार, कार्तिक कुमार और बॉबी टीम में शामिल रहे। मौके पर खाद्य विभाग की टीम को भी बुलाया गया, ताकि संबंधित खाद्य सामग्री की जांच की जा सके।
साईं हॉस्पिटल के सामने मुखानी क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों की निगरानी को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। नगर निगम की इस कार्रवाई को स्वास्थ्य सुरक्षा और कचरा प्रबंधन संबंधी नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
