MBPG छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस की तैयारियां पूरी, ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी

Spread the love

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में 29 सितंबर 2026 को होने वाले छात्रसंघ चुनाव एवं मतगणना को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी कर ली है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी गई। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था 29 सितंबर को सुबह 6 बजे से मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशानुसार एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने एमबीपीजी कॉलेज के सभागार में निर्वाचन ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया। इस दौरान अधिकारियों को लिंगदोह कमेटी के सभी मापदंडों का शत-प्रतिशत पालन कराने, मुख्य चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर सतर्कता बरतने, प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग करने तथा ड्रोन टीमों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल टीमों को लगातार गश्त करने, जीरो जोन में छात्रों के वाहनों का प्रवेश रोकने और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को वाहनों को लगातार मोबिलाइज करने तथा सड़क किनारे अनावश्यक वाहनों को खड़ा न होने देने के लिए कहा गया। मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिस बल को शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति को तत्काल नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

कॉलेज परिसर और उसके आसपास अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। ब्रीफिंग के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के शांतिपूर्ण एवं निर्बाध संचालन के लिए पुलिस बल ने फ्लैग मार्च भी किया।

29 सितंबर को लागू रहेगा यातायात डायवर्जन

छात्रसंघ चुनाव और मतगणना के दौरान नैनीताल रोड के प्रतिबंधित क्षेत्र में छोटे-बड़े मालवाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को बाईपास मार्गों का प्रयोग करना होगा।

बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

रामपुर रोड से आने वाले पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर तिराहा से डायवर्ट होकर बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए जाएंगे। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को पंचायतघर तिराहा से RTO रोड होते हुए कालाढूंगी रोड की ओर भेजा जाएगा।

पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन नारिमन तिराहा से डायवर्ट होकर गोलापार रोड से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज/केमू बसें नारिमन तिराहा से गोलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनिबाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज/केमू स्टेशन पहुंचेंगी।

वहीं रोडवेज/केमू स्टेशन से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गोलापुल, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।

काठगोदाम से हल्द्वानी आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन

काठगोदाम क्षेत्र से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों को कॉलटैक्स/हाइडिल तिराहा से डायवर्ट कर पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालढांठ तिराहा/ऊंचापुल चौराहा होते हुए भेजा जाएगा। इसके अलावा आवास विकास तिराहा से वाहनों को ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहन तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पंचक्की चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के लिए पार्किंग

छात्रसंघ चुनाव एवं मतगणना ड्यूटी में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

तीन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन

चुनाव के दौरान निम्न स्थानों पर जीरो जोन रहेगा और यहां सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा—

  • दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक।
  • कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक।
  • कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक।

चुनाव के लिए भारी पुलिस बल तैनात

छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 06 GO, 09 इंस्पेक्टर, 10 SO/SSI, 37 IC/OP/SI, 16 LSI, 30 एडिशनल SI, 33 HC, 03 LHC, 77 कांस्टेबल, 34 महिला कांस्टेबल, 01 एंटी-रायट, 01 टीयर गैस, 02 फायर यूनिट तथा IRB/PAC की 01 कंपनी (डेढ़ सेक्शन) शामिल है।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, एमबीपीजी प्रधानाचार्य डॉ. एनएस बनकोटी सहित यातायात, अभिसूचना, अग्निशमन और विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 29 सितंबर को शहर में लागू डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित एवं जीरो जोन क्षेत्रों में वाहन न ले जाएं, ताकि छात्रसंघ चुनाव और मतगणना के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *