मानसून अलर्ट: हल्द्वानी के संवेदनशील इलाकों में 150 भवनों को नोटिस, प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर जाने की दी चेतावनी

Spread the love

हल्द्वानी। आगामी मानसून के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, तहसीलदार हल्द्वानी और राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला तथा गोला नदी के किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संभावित रूप से प्रभावित होने वाले करीब 150 भवनों और अन्य संरचनाओं को चिन्हित कर संबंधित परिवारों को नोटिस जारी किए गए। नोटिस में आगाह किया गया है कि मानसून के दौरान नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है। प्रशासन ने सभी परिवारों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित हो जाएं।

अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से नदी और नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुलदीप पांडेय
तहसीलदार हल्द्वानी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *