हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में सस्ते लोन का लालच देकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। एक महिला और एक पुरुष ने 50 से 60 हजार रुपये तक का लोन दिलाने का झूठा वादा कर दर्जनों लोगों से फाइल चार्ज और कमीशन के नाम पर करीब चार-चार हजार रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह कत्याल ने बताया कि शुरुआती जांच में अब तक 18 से 19 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है। आरोपियों ने खुद को लोन उपलब्ध कराने वाला बताकर लोगों का विश्वास जीता और जल्द खाते में ऋण राशि भेजने का भरोसा देकर प्रत्येक व्यक्ति से करीब चार हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद उन्होंने लोगों से संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर और अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी लोगों को अपना शिकार बनाया है या नहीं।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनधिकृत संस्था या व्यक्ति के झांसे में आकर लोन के नाम पर कोई भी राशि जमा न करें। उन्होंने कहा कि ऋण केवल अधिकृत बैंकों, पंजीकृत वित्तीय संस्थानों और सहकारी समितियों से ही लिया जाए। यदि किसी व्यक्ति या संस्था पर संदेह हो तो लेन-देन से पहले संबंधित थाने या पुलिस चौकी में उसकी सत्यता अवश्य जांच लें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
- सूत्रो के अनुसार लोन लेने वालो की संख्या अधिक है।

