हल्द्वानी। गोला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया। रविवार शाम घटना की सूचना मिलने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान देर रात तक चलता रहा, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर ने गोला पुल से नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मनोज यादव, उपनिरीक्षक गंगदीप सिंह और कांस्टेबल महबूब अली मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा तैराकों की मदद से तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और रात करीब साढ़े आठ बजे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एसडीआरएफ और पुलिस ने दोबारा संयुक्त अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नदी से 17 वर्षीय प्रियांशु बिष्ट पुत्र गोविंद सिंह निवासी मोतीनगर, हाथीखाल, मां जगदंबा कॉलोनी, लालकुआं का शव बरामद किया गया। प्रियांशु कक्षा 12 का छात्र था।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी, एएसआई हेमंत कुमार, पुलिसकर्मी लक्ष्मण, हरीश रावत, सुच्चा सिंह सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
उपनिरीक्षक, एसडीआरएफ
