गोला पुल से किशोर ने लगाई छलांग, सर्च ऑपरेशन जारी

Spread the love

हल्द्वानी। हल्द्वानी के गोला पुल पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोर द्वारा गोला नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना बनभूलपुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका था।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर ने गोला पुल से नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मनोज यादव, उपनिरीक्षक गंगदीप सिंह तथा कॉन्स्टेबल मेहबूब अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए स्थानीय गोताखोरों और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

नदी में पानी का बहाव अधिक होने और तटबंध के पास जलस्तर ऊंचा होने के कारण सर्च अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को भी सूचना दे दी है, ताकि खोज अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाया जा सके।

घटना की सूचना फैलते ही गोला पुल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर एकत्र हो गए। सभी की निगाहें नदी में चल रहे रेस्क्यू अभियान पर टिकी रहीं।

बनभूलपुरा के उपनिरीक्षक मनोज यादव ने बताया कि शाम करीब 5 बजे एक किशोर के गोला नदी में कूदने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से तलाश शुरू की गई। उन्होंने बताया कि नदी में पानी अधिक होने के कारण SDRF की सहायता मांगी गई है। फिलहाल किशोर की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास भी साथ-साथ किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी सर्च अभियान की प्रगति के बाद सामने आएगी। मौके पर तहसीलदार कुलदीप पांडे, पटवारी संजय प्रसाद भी पहुंचे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *