हल्द्वानी में प्रशासन का बड़ा एक्शन, फायर NOC न होने पर कई कोचिंग सेंटर सील

Spread the love

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों पर कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान के तहत फायर एनओसी नहीं मिलने पर कई कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया।

संयुक्त अभियान के दौरान प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम मोनिका और फायर विभाग के अधिकारी मिंदर पाल ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया तथा आवश्यक फायर एनओसी भी उपलब्ध नहीं थी।

प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सुरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है।

मनीष कुमार
प्राधिकरण सचिव
एपी बाजपेयी
सिटी मजिस्ट्रेट
मिंदर पाल
फायर अधिकारी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *