हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में 11 जून 2026 को पूरनपुर मोड़ से दूध डेयरी के पास जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चौकी प्रभारी आरटीओ उपनिरीक्षक दीपा जोशी और उनकी टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरपाल यादव पुत्र रामचंद्र यादव निवासी कन्हा विहार, मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ढकिया खैरूद्दीन, सेमीखेड़ा, नवाबगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल सुनील आगरी और कांस्टेबल रविंद्र खाती शामिल रहे।
