काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां “पति, पत्नी और वो” के त्रिकोण ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 36 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वांसखेड़ा निवासी गुड्डी ने अपने प्रेमी कपिल मौर्या के साथ मिलकर अपने पति कुलवंत सिंह की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले कुलवंत को जहर मिली शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए कार में रखकर तुमड़िया डैम की नहर में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो।

1 मई को कुलवंत सिंह की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी सर्विलांस और सख्त पूछताछ के चलते जल्द ही साजिश की परतें खुलती चली गईं और आरोपी टूट गए।
इस पूरे मामले में SDRF टीम रुद्रपुर की भूमिका बेहद अहम रही, जिन्होंने नहर के अंडरपास में सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बरामद किया और सिविल पुलिस के सुपुर्द किया। कठिन परिस्थितियों में किए गए इस रेस्क्यू ने केस के खुलासे में निर्णायक भूमिका निभाई।
