नैनीताल। धारी ब्लॉक क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के अनुसार मैक्स वाहन संख्या UK04TA1446 हल्द्वानी से दूदूली की ओर जा रहा था, तभी दूदूली के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलते ही थाना मुक्तेश्वर पुलिस प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई हरिराम पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को वाहन से निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए सीएचसी पदमपुरी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद लता देवी (40 वर्ष) पत्नी दिनेश चन्द्र और हरीश चन्द्र बेलवाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दिनेश चन्द्र, वाहन चालक कमल शर्मा, नेहा बेलवाल और सुभाष बेलवाल घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, क्योंकि सावधानी ही सुरक्षा है।

