हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान पुलिस ने 129 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, वहीं पूरे जिले में सघन चेकिंग कर असामाजिक तत्वों पर भी कड़ा शिकंजा कसा गया।
दिनांक 13 अप्रैल 2026 को निरीक्षक दिनेश फर्त्याल और एसओटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने गफूर बस्ती क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 18 बुप्रेनॉर्फिन, 89 ट्रामाडोल और 22 अविल इंजेक्शन सहित कुल 129 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महबूब उर्फ माकू (28 वर्ष) निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे 6 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अलावा हल्द्वानी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित वारंटी सुरेश चंद्र जोशी को भी गिरफ्तार किया है। वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे जिले में रातभर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 107 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया और 41 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस एक्ट के तहत 43, बीएनएसएस में 3 और शांति भंग की आशंका में 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। रात्रि चेकिंग के दौरान 81 वाहनों के चालान किए गए, 14 वाहन सीज किए गए और 3 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई। नशे में वाहन चलाने वाले 8 चालकों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर 82 होटल, ढाबों और क्लबों की भी सघन जांच की गई।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद को नशा और अपराध मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वाले और नशे का कारोबार करने वाले किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे और पुलिस टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रही हैं।
