
नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा 20 जुलाई 2026 को जनपद नैनीताल के लिए जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

प्रशासन के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 20 जुलाई 2026, सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन न करने या किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
