हल्द्वानी में ऊंचापुल चौराहे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ

Spread the love

हल्द्वानी। शहर में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने ऊंचापुल चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से दिए जा रहे नोटिस और चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर गुरुवार को अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपाई ने बताया कि यह मार्ग कालाढूंगी रोड राज्य मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसी योजना के तहत ऊंचापुल चौराहे का भी सुधार कार्य किया जाना है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष जुलाई से लगातार अतिक्रमण चिन्हीकरण कर संबंधित लोगों को नोटिस दिए गए और सभी को सुनवाई का पूरा अवसर भी प्रदान किया गया। प्रशासन के अनुसार कई मामलों में संबंधित पक्ष न्यायालय भी गए थे, लेकिन सभी मामलों का निस्तारण हो चुका है।

प्रशासन ने मानवीय आधार पर अतिक्रमणकारियों को 7 मार्च तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके चलते प्रशासन को अभियान चलाकर कार्रवाई करनी पड़ी।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक तथा तीन पानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हांकन किया गया है। इस दौरान केवल न्यूनतम भूमि ही ली जा रही है, ताकि सड़क का विस्तार कर यातायात को सुचारु बनाया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग राष्ट्रीय या नजूल भूमि पर अतिक्रमण कर बैठे हैं और जिनकी जमीन फ्रीहोल्ड नहीं है, वे चिन्हांकन के अनुसार स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *