हल्द्वानी में सिटी बस सेवा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहरवासियों के लिए मंगलवार का दिन नई सौगात लेकर आया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस सेवा से आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, इस पहल से शहर के यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के हर नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रारंभ किया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, भीमताल विधायक राम सिंह केड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।