
हल्द्वानी: नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक बार फिर नजूल भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नजाकत के बगीच, चंदा भाई की आरा मशीन के पास स्थित लगभग एक बीघा भूमि को अपने संरक्षण में लिया।

एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध खनन प्लॉटिंग के साथ-साथ घरेलू सिलेंडरों की मदद से आइसक्रीम बनाने की गतिविधियां भी पाई गईं। खाद्य सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था, जो गंभीर चिंता का विषय है।

टीम द्वारा मौके पर पांच वैधानिक कार्रवाइयां की जा रही हैं। यह कार्रवाई एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, सफाई निरीक्षक अमोल असवाल और चतर सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नजूल भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम द्वारा खाली कराई गई भूमि की निगरानी एवं सुरक्षा के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में फिर से कोई अवैध कब्जा न हो सके। एसडीएम हल्द्वानी एवं नगर आयुक्त हल्द्वानी के द्वारा चेताया गया कि किसी भी तरह के बहकावे में ना आए और वैध कागजात पर ही अपना कार्य करें।


