
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की प्रतियोगी परीक्षा से पहले एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। ये लोग अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने की फिराक में थे।

पुलिस और एसटीएफ को दो दिन पूर्व गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें परीक्षा में सफलता दिलाने का प्रलोभन देकर 12 से 15 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। जांच और सर्विलांस के बाद पुलिस ने पटेल नगर क्षेत्र से दो अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हाकम सिंह पुत्र केदार सिंह, निवासी ग्राम निवाड़ी, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 42 वर्ष तथा पंकज गौड़ पुत्र केशवानंद गौड़, निवासी ग्राम कंडारी, ब्लॉक नौगांव, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे अभ्यर्थियों को धोखा देने की नीयत से लाखों रुपए की मांग कर रहे थे और यदि चयन हो जाता तो रकम हड़प लेते, वहीं चयन न होने की स्थिति में अगली परीक्षा में पैसे एडजस्ट करने का बहाना बनाते।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरे प्रकरण में परीक्षा की गोपनीयता और सुचिता से किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।


