
नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों के साथ शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से 21 लोगों का दोस्तों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार दोपहर वापस लौटते समय दुत्कानेधार के पास अचानक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को घायलों के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने खाई में फंसे पर्यटकों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
घायलों को देखने एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, एसडीएम मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पांडे पहुंचे।
