हल्द्वानी: काठगोदाम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिन पर हाल ही में एक आवासीय घर में लाखों रुपये के जेवरात चुराने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी का माल निकालने के लिए जंगल में गड्ढा खोदकर छुपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वे पकड़े गए।
शिकायतकर्ता अजीम खान ने 08 मार्च 2025 को थाना काठगोदाम में एक प्रार्थना पत्र दायर कर बताया कि वह अपने परिवार के साथ 06 मार्च को बरेली गए थे और 08 मार्च को लौटने पर उन्होंने अपना घर का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से सोने का रानी हार (22 कैरट), चौकर हार (22 कैरट), सोने की नथ, कान के टॉप्स, चांदी की पायल, नजरी, नोट, पैन कार्ड और नकदी गायब थी। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 305(1), 331(3) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर एसपी सिटी प्रकाश चंद्र और सीओ सिटी नितिन लोहनी की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष दीपक सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों से पूछताछ की। अंततः आज (27 मार्च) तीन आरोपियों—देवेंद्र थापा (20 वर्ष), उज्जवल सिंह परगाई (22 वर्ष) और संदीप कुमार (20 वर्ष)—को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 07 मार्च की रात करीब 11:30 बजे शिकायतकर्ता के घर का ताला तोड़कर अलमारी से जेवरात चुराए थे। बाद में, पकड़े जाने के डर से उन्होंने गोलानदी के पास जंगल में गड्ढा खोदकर माल छुपा दिया। जब वे आज माल निकालकर ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष काठगोदाम दीपक सिंह बिष्ट, उ०नि० मनोज कुमार प्रभारी चौकी खेड़ा, उ०नि० फिरोज आलम साईबर सैल, उ०नि० अरुण सिंह राणा प्रभारी चौकी दमुवाढुंगा, कानि० 508 भानू प्रताप काठगोदाम, कानि० 11 अशोक रावत काठगोदाम, कानि0 581 सुरेन्द्र सिंह काठगोदाम, कानि0 992 प्रेम प्रकाश काठगोदाम, कानि0 740 टीका राम काठगोदाम, कानि० अरविन्द बिष्ट सर्विलांस एसओजी मौजूद रहे।
