“महिलाओं से मंगलसूत्र लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, 400 CCTV खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता”

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

मामले के अनुसार 4 फरवरी 2026 को विठौरिया नंबर-1 मुखानी निवासी बीना पाठक ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर सामान खरीदने के बहाने आए और मौका पाकर उनके गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। इसके अलावा 30 जनवरी 2026 को देवभूमि सैनिक कॉलोनी निवासी कमला देवी से भी पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र झपट लिया गया था। वहीं 6 फरवरी 2026 को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में भी एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना सामने आई थी। तीनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।

“महिलाओं से मंगलसूत्र लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, 400 CCTV खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता”

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल नंबर एचआर 29 एएफ 2325 के कालाढूंगी रोड से हल्द्वानी की ओर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोककर चालक फिरोज गांधी पुत्र नंदराम निवासी पदमपुर थाना मिल्कखाना तहसील स्वार जिला रामपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पीछे बैठा उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 30 जनवरी और 4 फरवरी को मुखानी क्षेत्र में दो महिलाओं तथा 6 फरवरी को रामनगर क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं को अंजाम दिया था। उसने बताया कि वे दोबारा वारदात करने के इरादे से हल्द्वानी आ रहे थे, लेकिन पुलिस चेकिंग में पकड़े गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा रामपुर जनपद में भी आरोपी के खिलाफ हत्या, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि पुलिस टीम ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जिसमें पुलिस कर्मी इसरार नबी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।