
काठगोदाम: काठगोदाम क्षेत्र में गौला नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण नदी के किनारे बसे घरों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतते हुए प्रभावित क्षेत्र में मुनादी कर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई। इसके साथ ही टीम मौके पर मौजूद रहकर घरों को खाली करवाने की कार्रवाई कर रही हैं।
गौला नदी का जलस्तर तेज बहाव के कारण लगातार बढ़ रहा है, जिससे किनारे बसे घरों के डूबने या क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव के लिए लोगों से अपील की है कि वे मुनादी का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। वहीं, राहत और बचाव टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

