
हल्द्वानी: शहर में तेज रफ्तार वाहन चालकों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कमलुवागांजा रोड पर बीते दो दिन पहले शाम के समय एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान रॉयल इंक्लेव निवासी महेंद्र अधिकारी के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र अधिकारी एक निजी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से सामान खरीदने के बाद सड़क पार कर रहे थे। तभी UK18L5757 नंबर की तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही देवलचौड़ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से शहरवासियों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अनियंत्रित वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


