किराये के कमरे से जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश, सरगना समेत 6 गिरफ्तार; नाबालिग युवती रेस्क्यू

Spread the love

  • अनैतिक देह व्यापार के धंधे में लिप्त गिरोह के सरगना सहित 06 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • अनैतिक देह व्यापार के लिए गुमराह कर दिल्ली से लाई गई एक नाबालिक युवती को किया रेस्क्यू
  • अभियुक्तो के कब्जे से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री व देह व्यापार से कमाए 18000 रुपये नकद हुए बरामद
  • रेसक्यू की गई नाबालिक युवती को मसूरी घुमाने के बहाने से देहरादून लाया था मुख्य अभियुक्त का साथी
  • युवती द्वारा गलत काम करने से इनकार करने पर अभियुक्तो द्वारा उसे कमरे में बनाया गया था बंधक

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए किराये के मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के कथित धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में छापेमारी कर गिरोह के कथित सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठ एनक्लेव में कुछ महिलाएं और पुरुष अवैध गतिविधि में लिप्त हैं। सूचना मिलते ही अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम गठित की गई और मकान पर औचक छापेमारी की गई। मौके पर तीन महिलाओं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने का दावा पुलिस ने किया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था और कथित तौर पर दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। पुलिस के मुताबिक, वह व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजता था और उनकी मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहकों द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा जाता था।

पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक कथित तौर पर मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से देहरादून लाया था। पुलिस का दावा है कि युवती पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया और उसके इनकार करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया। मामले में पुलिस ने नाबालिग से संबंधित आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक, भानू उर्फ सिद्धान्त, ममता, नेहा और सुमन के रूप में बताई है। सभी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 704/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उप निरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उप निरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उप निरीक्षक शिखा तेग्रवाल समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *