
ऊधमसिंहनगर से लगे भारत-नेपाल सीमा मेलाघाट का आईजी कुमायूँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने 10 सितंबर 2025 को निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने एसएसबी और पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर ज़मीनी हालात का जायज़ा लिया और ग्रामवासियों से बातचीत भी की। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आईजी अग्रवाल ने कहा कि सीमांत सुरक्षा का संकल्प पूरी दृढ़ता के साथ निभाया जाएगा और जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने सीमावर्ती थाना-चौकियों की मजबूती और हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीमा पर चौकसी को और सख्त करने के लिए संयुक्त रूप से पुलिस, एसएसबी, वन विभाग और ग्राम चौकीदारों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
आईजी कुमायूँ ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा सामूहिक दायित्व है और बार्डर से आने-जाने वाले हर व्यक्ति का गहन सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने सीमांत ग्रामवासियों से संयम और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी तरह की अफ़वाहों पर ध्यान न दिया जाए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा, कमांडेंट एसएसबी मनोहर, एसपी क्राइम निहारिका तोमर समेत एसएसबी और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे।


