नैनीताल-रामनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कई राउंड फायरिंग के बाद 15 मुकदमों वाला चंदन सागर घायल

Spread the love

नैनीताल/रामनगर। नैनीताल और रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 15 मुकदमों में वांछित बताए जा रहे चंदन सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाले चंदन सागर की तलाश में पुलिस टीम ने दबिश दी थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान वह हाथी बगड़ वन विभाग चेकपोस्ट से आगे जंगल में जाकर छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिसकर्मियों और उनके वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।

घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी करते हुए बदमाश को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस के अनुसार, लगातार फायरिंग के बीच आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में चंदन सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, चंदन सागर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और किसी भी वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *