उत्तराखण्ड में 2026 की अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी: STF ने ₹25 लाख कीमत 244 की ग्राम ड्रग्स के साथ 3 तस्करों को दबोचा

Spread the love

टनकपुर। उत्तराखण्ड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊँ यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी की है। कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से कुल 244.06 ग्राम MDMA बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग ₹25 लाख आंकी गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने राज्य को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और राज्यभर में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊँ यूनिट ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट विकसित कर सटीक सूचना प्राप्त की। सूचना के आधार पर कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक के रूप में हुई है, जो सभी रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के निवासी बताए गए हैं।

STF की एंटी नारकोटिक्स यूनिट अब गिरफ्तार अभियुक्तों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है, ताकि MDMA तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। कार्रवाई में STF की टीम के साथ कोतवाली टनकपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को उत्तराखण्ड में नशे के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *