SIR-2026: नैनीताल में 100% नोटिस तामिली और सुनवाई पूरी, 15 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

Spread the love

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति को लेकर सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नोटिस वितरण, सुनवाई तथा दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद नैनीताल में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान संभावित विसंगतियों से संबंधित लगभग 2.35 लाख नोटिस जारी किए गए थे, जिनकी तामिली लगभग शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गई है। जारी नोटिसों के मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

बैठक में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त नए नाम जोड़ने, आपत्तियों और मतदाता विवरणों में संशोधन से संबंधित आवेदनों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इन प्रकरणों पर ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं एवं 59-हल्द्वानी में दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए निदेशक, कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। प्राप्त दावों और आपत्तियों के संबंध में फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जनपद की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है।

निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा प्रत्येक बूथ स्तरीय अधिकारी के कार्य का न्यूनतम 5 प्रतिशत सत्यापन किया जा रहा है। जिन मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में अपमार्जन की दर 2 प्रतिशत से अधिक पाई जाएगी, वहां संबंधित ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बताया कि SIR प्रक्रिया से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में जुड़ना है अथवा नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है तो नियमानुसार प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जाए।

उन्होंने कहा कि SIR अभियान के संबंध में प्रत्येक सोमवार को सुबह 10 से 11 बजे तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाती है। बैठकों के माध्यम से राजनीतिक दलों की ऑनलाइन और ऑफलाइन समस्याओं को सुना जाता है तथा उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी राजनीतिक दल को कोई विशेष समस्या या सुझाव हो तो निर्वाचन विभाग से संपर्क कर उसे रखा जा सकता है।

बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार दावे और आपत्तियों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी, जबकि संशोधित निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *