
हल्द्वानी। ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में छात्रा के अचानक चक्कर आने और गिरने की घटना के बाद फैली अफवाहों के बीच मनोवैज्ञानिक डॉ. युवराज पंत ने मामले को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि छात्रा की पूरी मेडिकल और मानसिक स्थिति की हिस्ट्री सामने आए बिना घटना के कारण के बारे में निश्चित रूप से कुछ कहना संभव नहीं है।
डॉ. युवराज पंत के अनुसार, इस तरह की घटनाओं के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं। यदि छात्रा के घर में हाल ही कोई बात रही हो अथवा किसी अन्य परिस्थिति का मानसिक प्रभाव पड़ा हो, तो उसे भी पूरी जानकारी के साथ देखा जाना चाहिए। हालांकि, केवल इन परिस्थितियों के आधार पर घटना का कारण तय नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि जिस समय घटना हुई, उस दौरान स्कूल में परीक्षा भी चल रही थी। ऐसे में परीक्षा को लेकर छात्रा के भीतर किसी तरह का मानसिक दबाव या तनाव रहा हो, तो उसका असर शारीरिक रूप से भी दिखाई दे सकता है। तनाव और मानसिक दबाव की स्थिति में कुछ लोगों को चक्कर आने या बेहोशी जैसी समस्या भी हो सकती है।
डॉ. पंत ने स्पष्ट किया कि छात्रा की पूरी हिस्ट्री, घटना से पहले की परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलने के बाद ही किसी संभावित कारण के बारे में बेहतर तरीके से बताया जा सकता है। उन्होंने अप्रामाणिक अफवाहों से बचने और छात्रा की स्थिति को संवेदनशीलता के साथ देखने पर जोर दिया।
