अवैध सिम रैकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, फर्जी आईडी पर सिम एक्टिवेट करने वाला विक्रेता गिरफ्तार

Spread the love

पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में साइबर ठगी और सुरक्षा संबंधी खतरों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने अवैध सिम रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। SOG और धारचूला पुलिस की संयुक्त टीम ने धारचूला कस्बे में छापेमारी कर फर्जी आईडी पर सिम एक्टिवेट करने वाले एक सिम विक्रेता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतोष प्रसाद बगौली, निवासी ग्राम सेली (जुम्मा), धारचूला, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से Vi कंपनी के तीन अवैध प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में कोतवाली धारचूला में धारा 318(4) BNS एवं धारा 42 दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के अनुसार अवैध सिम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 05 POS एजेंटों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान 1183 सिम कार्ड, 07 मोबाइल फोन और 63 आधार कार्ड जब्त किए गए हैं, जबकि 95 सिम और 157 मोबाइल फोन ब्लॉक कराए जा चुके हैं।

पुलिस ने आम लोगों से भी साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि लोग संचार साथी पोर्टल के TAFCOP लिंक पर जाकर अपने नाम पर सक्रिय सिम कार्ड की जानकारी जांच सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के जरिए लॉगिन करना होगा। इसके बाद संबंधित आईडी पर सक्रिय सभी मोबाइल नंबर स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इनमें कोई संदिग्ध या अनजान नंबर मिलने पर उसे “Not my number” विकल्प के जरिए रिपोर्ट कर तत्काल ब्लॉक कराया जा सकता है।

कार्रवाई करने वाली टीम में SOG प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, धारचूला प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कमल सिंह, मुकेश कुमार, भावेश तिवारी और चालक कांस्टेबल सोनू कार्की शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और अवैध सिम के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *