
हल्द्वानी। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा गया है। पत्र में कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
मांग पत्र में कहा गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार एवं विभाग से लगातार अनुरोध करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संगठन का कहना है कि पूर्व में कई बार रैली और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की राज्य सरकार की ओर से वृद्धि किए जाने की मांग की है। साथ ही केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन का प्रस्ताव भेजने की मांग रखी गई है।
इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि बिना किसी अहर्ता पूरी किए और बिना सेवानिवृत्त हुए, 10 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाए। मांग पत्र में इसके साथ ही पेंशन सुविधा दिए जाने की मांग भी उठाई गई है।
संगठन ने कहा कि वर्ष 2024 में मानदेय वृद्धि को लेकर गठित समिति की सिफारिशों/निर्णय को भी अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया है।
