सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण पर रहेगा विशेष फोकस, नवनियुक्त नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने संभाला कार्यभार

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि किसी भी नगर निगम क्षेत्र में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख होती हैं। हल्द्वानी में भी इन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। उनका प्रयास रहेगा कि शहरवासियों को छोटी से लेकर बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने शहर में कूड़ा निस्तारण को भी एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि लीगेसी वेस्ट (पुराना जमा कूड़ा) और फ्रेश वेस्ट (प्रतिदिन निकलने वाला कूड़ा) का समयबद्ध तरीके से निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए मौजूदा व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

नवनियुक्त नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे।