हल्द्वानी/नैनीताल। शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त विसंगतियों और सुधार की मांग को लेकर शनिवार को हल्द्वानी के तिकोनिया स्थित पंत पार्क में सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज सुधारकों द्वारा एक शांतिपूर्ण सत्यग्रह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल सुधार करने की मांग की।
सत्यग्रह स्थल पर समाज सुधारक दीपचंद पांडे, उज़ैर फिरोज, यतीश पंत और बच्ची सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर लेकर शिक्षा के अधिकार और सुधार से जुड़े नारे लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्तर गिर रहा है, जिसे सुधारना अत्यंत आवश्यक है।
प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रदर्शित बैनर के माध्यम से सरकार के समक्ष मुख्य रूप से ‘शिक्षा के लिए हमारी मांगें’ रखी गईं, जिनमें निम्नलिखित बिंदु शामिल थे:
- सभी के लिए मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।
- अधिक से अधिक सरकारी स्कूल खोले जाएं।
- मौजूदा सरकारी स्कूलों का संरक्षण और सुधार हो।
- अधिक संख्या में सरकारी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
- सरकारी शिक्षकों से अनावश्यक बोझ हटाया जाए।
- निजी स्कूलों के लिए सख्त कानून बनें और उन्हें अच्छा वेतन दिया जाए।
- डोनेशन/कैपिटेशन फीस बंद हो (इस सत्र की फीस वापस कराई जाए)।
- निजी स्कूलों से बच्चों के करियर की रक्षा हो।
- सरकारी कर्मचारियों के बच्चे केवल सरकारी स्कूलों में ही पढ़ें।
- अनावश्यक विषय हटाएं और कौशल आधारित शिक्षा पर जोर दिया जाए।
- ‘एक राष्ट्र, एक शिक्षा’ की अवधारणा को लागू किया जाए।
बताया कि वे 5 दिन का कार्य सप्ताह चाहते हैं, ताकि शिक्षकों को पढ़ाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके और अनावश्यक दबाव कम हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा देश के भविष्य की नींव है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सत्यग्रह स्थल पर बनी प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर सभी ने शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने का संकल्प लिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ
