पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शातिर बदमाश घायल; चोरी की स्कूटी और लूटी चेन बरामद

Spread the love

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार बदमाश आकाश उर्फ तमंचा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी को रोकने का प्रयास किया गया। स्कूटी चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी भी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और 14 अगस्त को हुई चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आकाश शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *