हल्द्वानी में विकास कार्यों को लेकर महापौर गजराज बिष्ट एक्शन मोड में, गौशाला से मीट बाजार तक किया निरीक्षण

Spread the love

हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को गति देने के लिए महापौर गजराज बिष्ट मंगलवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने राजपुरा स्थित गौशाला, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम और वार्ड संख्या-22 की लाइन नंबर-12 में प्रस्तावित मीट बाजार के स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, गौवंश संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यालय परिसर की आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने शौचालय भवनों के निर्माण, जर्जर व्यवस्थाओं के सुधार और विद्यालयों में जरूरी सुविधाओं के विस्तार के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

महापौर ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

गौशाला में सुविधाओं का लिया जायजा

इसके बाद महापौर ने राजपुरा स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अनुबंधित संस्था को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयां और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

महापौर ने स्पष्ट किया कि गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रस्तावित मीट बाजार का भी निरीक्षण

निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर ने वार्ड संख्या-22 की लाइन नंबर-12 में प्रस्तावित मीट बाजार के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। पार्षदों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ उन्होंने स्थल की उपयोगिता, निर्माण कार्य और आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

इस दौरान नगर निगम के सहायक अभियंता को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि नगर निगम शिक्षा, स्वच्छता, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित हल्द्वानी-काठगोदाम का निर्माण नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *