भारी बारिश की चेतावनी के चलते नैनीताल में 14 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Spread the love

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जनपद नैनीताल में 14 अगस्त 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार शुक्रवार, 14 अगस्त को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भारी बारिश के दौरान नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान एवं विद्यालय, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने मौसम की संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए आमजन से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में आवागमन से बचने की अपील की है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *