
हल्द्वानी। शहर में बढ़ते बंदरों और आवारा कुत्तों के आतंक, सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश और बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और शहर की इन गंभीर समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश सचिव उत्तराखंड कांग्रेस गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने कहा कि बंदरों और आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। वहीं, सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा गोवंश के कारण सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ रही है। उन्होंने नगर निगम से इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेता राधा आर्या ने कहा कि नगर निगम को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर आवारा पशुओं के नियंत्रण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की जनता लंबे समय से इन समस्याओं से परेशान है और अब तत्काल राहत की जरूरत है।
वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित कुमार और मौकिन सैफी ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवा कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर जल्द कार्रवाई कर शहरवासियों को राहत देने की मांग की।
प्रदेश सचिव उत्तराखंड कांग्रेस
