गंगा स्नान और रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर घमासान, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू का कांग्रेस पर पलटवार

Spread the love

हल्द्वानी। कांग्रेस की ओर से गंगा स्नान और रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू धर्म और धार्मिक आस्थाओं का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सावन के पवित्र महीने में गंगा स्नान हिंदू धर्म की आस्था और परंपरा का हिस्सा है।

अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, गंगा में स्नान करते हैं और भगवान शिव के दर्शन करते हैं। ऐसे में गंगा स्नान को मनोरंजन बताना हिंदू आस्था का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस पर वीडियो को लेकर राजनीति करने का भी आरोप लगाया और कहा कि संबंधित वीडियो ओरिजिनल था तथा उसमें किसी तरह की एआई एडिटिंग नहीं की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता की ओर से मंच से आपत्तिजनक बयान दिए गए थे और इसी मामले को लेकर कांग्रेस नेता एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

रामलीला मैदान में कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद हुए शुद्धिकरण को लेकर अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि यह भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। उनके अनुसार, रामलीला मैदान में हिंदू संगठनों की ओर से शुद्धिकरण कराया गया और भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

इस बयान के बाद गंगा स्नान और रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक मुद्दों को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं।

अनिल कपूर डब्बू
मंडी परिषद अध्यक्ष

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *