
हल्द्वानी। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। अभियान के तहत बीएलओ अब घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं को नोटिस वितरित कर रहे हैं, जिनके नाम, पते, उम्र या अन्य विवरणों में किसी तरह की विसंगति दर्ज है। विधानसभा क्षेत्र में करीब 47 हजार मतदाताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि आगामी चुनावों के दौरान किसी भी तरह की त्रुटि न रहे और पात्र मतदाताओं के नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज हों।
विधानसभा के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि जिन मतदाताओं को SIR के तहत नोटिस दिया जाएगा, उन्हें नोटिस प्राप्त होने के बाद एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेज और संबंधित साक्ष्य के साथ अपना जवाब देना होगा। निर्धारित समय के भीतर जवाब मिलने के बाद निर्वाचन विभाग द्वारा संबंधित विवरणों का सत्यापन किया जाएगा और आवश्यकतानुसार मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को ठीक किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि उन्हें SIR अभियान के तहत नोटिस प्राप्त होता है तो इसे गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना जवाब जरूर दें। विभाग का कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है।
ERO, हल्द्वानी विधानसभा
