नकली पनीर पर बड़ी कार्रवाई! डेयरी से 50 किलो पनीर बरामद, जांच के बाद 49 किलो मौके पर नष्ट

Spread the love

हरिद्वार। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थाना श्यामपुर पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 27 जुलाई 2026 को कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर छापेमारी की। आमजन से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान डेयरी परिसर से बिक्री के लिए तैयार करीब 50 किलो पनीर बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर तैयार करने में दूध पाउडर और फॉरेन फैट का इस्तेमाल किया गया है। टीम को मौके से एक प्लास्टिक बैग में दूध पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

संयुक्त टीम ने निर्मित पनीर और पनीर बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के दो खाद्य नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। नमूने लेने के बाद शेष करीब 49 किलो पनीर को बाजार में पहुंचने से रोकने के लिए मौके पर ही जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम को यह भी पता चला कि डेयरी संचालक के पास मौजूद फूड लाइसेंस केवल रिटेल व्यवसाय के लिए जारी किया गया था, जबकि उसी लाइसेंस के आधार पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के आधार पर डेयरी संचालक इमानत अली और मौके पर मौजूद उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया है।

कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा, एएसआई रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, कांस्टेबल सुशील, उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *