घूमने आए पंजाब के दो युवकों के पैसे हुए खत्म, मोबाइल शॉप में चोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार; 9 मोबाइल समेत सामान बरामद

Spread the love

मसूरी। पंजाब से मसूरी घूमने आए दो युवकों के पास जब घूमने-फिरने के दौरान पैसे खत्म हो गए तो उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना डाली। लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों आरोपी मोबाइल की दुकान में चोरी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 9 मोबाइल फोन, मोबाइल उपकरण, दुकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल हथौड़ा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस द्वारा लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 की सुबह कोतवाली मसूरी से गश्त पर निकली पुलिस टीम को माल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में स्टार मोबाइल की दुकान के पास संदिग्ध गतिविधियों का आभास हुआ। पुलिस टीम ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए दुकान की घेराबंदी की और अंदर घुसे दो युवकों को चोरी करते हुए मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दुकान से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के नए-पुराने और रिपेयरिंग के लिए आए कुल 9 मोबाइल फोन, चार्जर, एडाप्टर और डाटा केबल समेत अन्य मोबाइल उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा दुकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल हथौड़ा और वारदात में प्रयुक्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों पंजाब से मसूरी घूमने आए थे। दो दिन पहले घूमने-फिरने के दौरान उनके पास रखे सारे पैसे खत्म हो गए थे, जिसके बाद वे चोरी की फिराक में थे। पुलिस की लगातार रात्रि गश्त और चेकिंग के चलते वे पहले अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके, लेकिन 27 जुलाई को मोबाइल की दुकान में चोरी का प्रयास करते समय पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगहीर सिंह (38 वर्ष) पुत्र रणजीत सिंह, निवासी जसूवती गांव शेरूड़, जिला संगरूर, पंजाब और तरणप्रीत सिंह (30 वर्ष) पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव कमालपुर, जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली मसूरी में मु0अ0सं0 29/2026, धारा 305, 317(2), 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अ0उ0नि0 गोपाल सिंह चौहान, कांस्टेबल अजीत, होमगार्ड सोबत और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *