
हल्द्वानी: हल्द्वानी में मिनी पुलिस लाइन स्थित दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और 7,600 रुपये की नकदी बरामद की है। घटना के तत्काल अनावरण में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
मामला 22 जुलाई 2026 का है। मिनी पुलिस लाइन, हल्द्वानी में धोबी का काम करने वाले उपनल कर्मी नबी बक्स ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच उनकी दुकान में चोरी हुई। चोर ने पहले दुकान की खिड़की की जाली काटी और अंदर घुसकर एक बैग से 10 हजार रुपये नकद तथा दीवार पर टंगी पेंट की जेब से 700 रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ को सौंपी गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल चोरी का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी और पतारसी शुरू की।
पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद 25 जुलाई 2026 को कैंसर हॉस्पिटल हल्द्वानी के पास से आरोपी दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से ग्राम रम्पुरा काजियान, थाना नवाबगंज, जिला बरेली का रहने वाला है और वर्तमान में वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का आधार कार्ड, पैन कार्ड और कुल 7,600 रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के सफल अनावरण में हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की विशेष भूमिका रही। दोनों पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित हो सकी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा, हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।
सीओ हल्द्वानी/लालकुआं बाईट
