
देहरादून: देहरादून पुलिस ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन और वर्तमान में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 309 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने 24 जुलाई 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर गोल चक्कर आईडीपीएल ऋषिकेश के पास कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से नौरंगी लाल और रोहित साहनी को अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नौरंगी लाल के कब्जे से 3 किलो 95 ग्राम और रोहित साहनी के कब्जे से 1 किलो 214 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल संख्या UK-07-DY-8716 को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से गांजा खरीदकर ऋषिकेश क्षेत्र में नशे के आदी स्थानीय लोगों और मजदूरों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाते थे। पुलिस पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में 54 वर्षीय नौरंगी लाल पुत्र देवी राम निवासी ग्राम नगला भंबू जाट, थाना सासनी, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश और 24 वर्षीय रोहित साहनी पुत्र सुरेंद्र साहनी निवासी न्यू त्रिवेणी कॉलोनी, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र, कांस्टेबल अंकुर, कांस्टेबल विनित और कांस्टेबल रुपेश शामिल रहे।
