मरीजों की जान से खिलवाड़? निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

Spread the love

हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान 65 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

मृतक की पहचान बागेश्वर जनपद के मंडलसेरा निवासी प्रेम गिरी के रूप में हुई है, जिन्हें उपचार के लिए पीएसपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान मरीज की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने न तो समय पर मरीज की वास्तविक स्थिति की जानकारी दी और न ही उपचार प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी साझा की।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान मरीजों की मौत के कई मामले सामने आए हैं, जिससे निजी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मरीज की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की मौत चिकित्सा संबंधी जटिलताओं का परिणाम थी या उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई।

ललित मोहन रयाल
जिलाधिकारी नैनीताल

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *