
हल्द्वानी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राशन कार्ड सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब आम नागरिकों को राशन कार्ड बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार के स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) पोर्टल के लागू होने के बाद पात्र व्यक्ति घर बैठे ही ऑनलाइन राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं दूसरी ओर जिले में अपात्र राशन कार्डधारकों की पहचान के लिए डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है।
खाद्य विभाग के निरीक्षक राहुल डांगी ने बताया कि पहले राशन कार्ड से जुड़े सभी ऑनलाइन कार्य आरसीएमएस (RCMS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से किए जाते थे, लेकिन अब इसकी जगह स्मार्ट पीडीएस प्रणाली लागू कर दी गई है। नए पोर्टल में ‘सिटिजन’ विकल्प जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से कोई भी पात्र व्यक्ति आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता चाहें तो खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्यालय पहुंचकर भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर राशन कार्ड में संशोधन से संबंधित कुछ तकनीकी कार्य प्रभावित हैं। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है और विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही तकनीकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
राहुल डांगी ने बताया कि जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर पूरे जिले में राशन कार्डों का डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं, ताकि सरकार की खाद्यान्न योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंच सके। विभाग ने लोगों से अपील की है कि सत्यापन के दौरान पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं और पात्रता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, जिससे प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
खाद्य विभाग निरीक्षक
