देहरादून: कोतवाली नगर क्षेत्र में एक महिला अधिवक्ता के साथ मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने आरोपी केशव थलवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता विशेष रूप से सक्षम (स्पेशली एबल्ड) बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अधिवक्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पहचान ‘जागो उत्तराखण्ड’ नामक फेसबुक पेज के माध्यम से केशव थलवाल से हुई थी। आरोपी ने खुद को पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए सहानुभूति हासिल की और भावनात्मक बातें कर विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने गूगल पे सहित अन्य माध्यमों से महिला से धनराशि प्राप्त की।
जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा उसे सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी। आरोपी द्वारा अपने दोस्तों के माध्यम से महिला पर शादी करने का दबाव भी बनाया गया और उसे उसकी कथित गर्लफ्रेंड बताकर गलत अफवाहें फैलाई गईं।
इतना ही नहीं, आरोपी ने आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में महिला का नाम लिखकर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लगातार मानसिक दबाव बनाया। 3 मई 2026 को एक अज्ञात नंबर से फोन कर खुद को आरोपी का दोस्त बताने वाले व्यक्ति ने भी महिला को धमकाते हुए शादी का दबाव बनाया और बदनाम करने की चेतावनी दी।
महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 धारा 318(2), 351(3) और 78 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है।
