हरिद्वार। केदारनाथ धाम यात्रा से लौटते समय पति से कहासुनी के बाद अलग हुई महिला को हरिद्वार पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया। महिला के परिजनों ने उसकी तलाश के लिए सोशल मीडिया पर भी गुहार लगाई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते महिला को सुरक्षित वापस लाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, 06 मई 2026 को शिकायतकर्ता मनीष अग्रहरि पुत्र दलीप अग्रहरि निवासी मछरिया रोड, थाना नोबस्ता, कानपुर (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली लक्सर में सूचना दी कि उनकी पत्नी प्रज्ञा (28 वर्ष) का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। सूचना के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 430/26 पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में थाना पुलिस व SOG रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल और तकनीकी सहायता के जरिए लगातार महिला की तलाश शुरू की और परिजनों को साथ लेकर संभावित स्थानों पर सघन अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने महिला को बेगूसराय, बिहार से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा पर गई थी। वापसी के दौरान देहरादून में दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद ट्रेन यात्रा के दौरान वह पति से अलग होकर चली गई थी।
महिला की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में जल्दबाजी में घर छोड़ने या अलग जाने के बजाय परिजनों और पुलिस की मदद लें।
