देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने जनपद भर में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाकर अपराधियों पर बड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में एसपी सिटी के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने रातभर संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देते हुए होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट्स की गहन जांच की।
अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक को बिना लाइसेंस अवैध रूप से शराब परोसते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके पर शराब पी रहे 15 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 6 अभियुक्तों को 6 किलो से अधिक गांजा और 112 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी और डोईवाला क्षेत्र से 2 तस्करों को अवैध शराब की 4 पेटियों के साथ दबोचा गया और तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी सीज किए गए।


पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 4 वांछित/वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है। प्रेमनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 4 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने 937 लोगों की जांच की, जिसमें 67 संदिग्धों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन किया गया। इसके साथ ही 62 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान कर 19,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 63 वाहन चालकों के चालान कर 43,500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि 34 वाहनों को सीज किया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन भी सीज किए गए।





