
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में युवती से मोबाइल छीनने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली गई है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है।

थाना बसंत विहार में जनकपुरी नयागांव निवासी सुमन कुमारी ने 7 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 फरवरी की शाम वह शांतिकुंज बसंत विहार काम पर जा रही थी। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उसका रियलमी नोट मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना बसंत विहार पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में शामिल रहे और जेल से छूटे अपराधियों का भी सत्यापन किया। पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई।
लगातार प्रयासों के बाद 8 फरवरी 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शास्त्रीनगर खाला जाने वाले रास्ते पर ट्रांसफार्मर के पास पुलिस ने स्कूटी टीवीएस एनटॉक्स संख्या यूके07 बीक्यू 2212 को रोका। वाहन चला रहे फैजल पुत्र हसनैन निवासी प्रिंस चौक त्यागी रोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार पटेल नगर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने युवती से मारपीट कर मोबाइल छीन लिया था। पुलिस ने आरोपी फैजल को लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


