
देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दूल्हा बाजार के पास एक गली में एक युवक ने धारदार हथियार से एक युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान आकाश कुमार पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।


