
किच्छा: माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देशों पर उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स यूनिट द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट को राज्य के सभी जनपदों में कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

उक्त आदेश के अनुपालन में सीओ परवेज अली के निर्देशन में तथा प्रभारी निरीक्षक एसटीएफ (एंटी नार्कोटिक्स) कुमाऊं यूनिट पावन स्वरूप के नेतृत्व में एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से कुल 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त सहनवाज ने पूछताछ में बताया कि उसने यह हेरोइन बरेली निवासी भइया नामक व्यक्ति से प्राप्त की थी और वह इसे हरजिंदर नामक व्यक्ति को बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि सहनवाज उर्फ मामू कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता है। ड्रग पैडलरों के बीच उसके द्वारा सप्लाई की जाने वाली हेरोइन की काफी मांग थी और बताया जा रहा है कि इसकी शुद्धता अधिक होने के कारण यह कुमाऊं के नशा तस्करों की पहली पसंद बनी हुई थी। एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स यूनिट पिछले लगभग दो वर्षों से अभियुक्त की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
जांच के दौरान अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह नियमित रूप से बरेली के भइया नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदता था और कई बार भइया की ओर से एक अन्य युवक डिलीवरी के लिए आता था, जिसका नाम वह नहीं जानता। हालांकि, अभियुक्त द्वारा उपलब्ध कराई गई फोटो के आधार पर उस सप्लायर की पहचान की गई है। एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स यूनिट द्वारा भइया और उसके डिलीवरी एजेंट की तलाश तेजी से की जा रही है।
सहनवाज की गिरफ्तारी को नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई चेन पर बड़ा प्रहार हुआ है और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सहनवाज पुत्र इस्तेखार, उम्र 36 वर्ष, निवासी बहेड़ी, जनपद बरेली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन के साथ एक मोटरसाइकिल हीरो पैशन प्रो भी बरामद की गई है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, उपनिरीक्षक पवन जोशी, आरक्षी उमेश सिंह और आरक्षी उमेद गिरी ने अहम भूमिका निभाई।


