
हल्द्वानी। दिनांक 12 नवंबर 2025 को पत्रकार दीपक चंद अधिकारी निवासी हिम्मतपुर तल्ला वार्ड नंबर 41 मुखानी ने थाना मुखानी में तहरीर दी कि ऊंचापुल चौराहे के पास उनके साथ अजीत चौहान और अनिल चौहान ने मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। वादी की तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 244/25 धारा 109/115/118(2)/351(3)/352 बी.एन.एस. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार को सौंपी गई।

घटना के त्वरित अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन, एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी नितिन लोहानी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल चौहान (32 वर्ष) और अजीत चौहान (30 वर्ष), दोनों पुत्र स्वर्गीय फूलचंद चौहान निवासी आदर्श नगर खाटू श्याम मंदिर, मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्टील रॉड भी बरामद किया।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कॉन्स्टेबल धीरज सुगड़ा और कॉन्स्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे। दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार की अराजकता या पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


